अल्मोड़ा में कैंटर गहरी खाई में गिरा, चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अल्मोड़ा में कैंटर गहरी खाई में गिरा, चालक की मौत


अल्मोड़ा, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में टोटाम-चेरीधार के समीप शनिवार सुबह एक कैंटर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई। एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने करीब 200 मीटर गहरी खाई से चालक का शव बरामद किया।

एसडीआरएफ के अनुसार, शनिवार सुबह अल्मोड़ा कंट्रोल रूम से भिकियासैंण पोस्ट को कैंटर के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। वाहन में चालक के सवार होने की जानकारी पर अपर उप निरीक्षक सुंदर बोरा के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर वाहन गहरी खाई में गिरा मिला। इसके बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्गम परिस्थितियों के बीच टीम ने करीब 200 मीटर नीचे खाई से चालक का शव बरामद किया।

मृतक की पहचान हीरा सिंह (35), पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी नंदप्रयाग घाट, जिला चमोली के रूप में हुई है। रेस्क्यू टीम ने शव खाई से बाहर निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद चंद्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784546 Articles

Share this story