कैनाल रोड पर सड़क हादसे में महिला की मौत, दूसरी घायल; दो हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
कैनाल रोड पर सड़क हादसे में महिला की मौत, दूसरी घायल; दो हिरासत में


देहरादून, 22 अगस्त (हि.स.)। राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला घायल हो गई। पुलिस ने कार चालक समेत दो युवकों को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:45 बजे 112 के माध्यम से कैनाल रोड पर दुर्घटना की सूचना मिली। राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची तो आई-20 कार सड़क किनारे क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थी। वहीं स्कूटी और मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलीं।

मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार नैना राजपूत और निधि कश्यप घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान नैना राजपूत (26) की मैक्स अस्पताल में मौत हो गई, जबकि निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने मौके से कार चालक सुमित यादव (20), निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2, राजपुर, और उसके साथी हाशिम (24), निवासी सुमन नगर, राजपुर, को हिरासत में लिया। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आते समय कार के ब्रेक नहीं लग पाए, जिसके कारण कार सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गई।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। मृतका नैना राजपूत पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला, देहरादून थीं। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपितों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story