वाहन दुर्घटना में एक की मौत, 11 घायल

WhatsApp Channel Join Now
वाहन दुर्घटना में एक की मौत, 11 घायल


उत्तरकाशी, 15 सितंबर (हि.स.)।मोरी ब्लॉक के खन्यासणी गांव के पास मंगलवार सांय को एक वाहन दुर्धटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हुई है। जबकि अन्य 11 लोग घायल हो गए। जिनको 108 की मदद से उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोरी में भर्ती कराया गया है।

जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को खन्यासणी गांव से एक वाहन नैटवाड़ की ओर आ रहा था। जो खन्यासणी और पुजेली के बीच ‘एचपी बैंड’ के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक समेत 12 लोग सवार बताए गए हैं। वाहन में बैठे सभी लोग खन्यासणी गांव में शेडकुड़िया महाराज के जागरे से वापस अपने घर को लौट रहे थे, इसी दौरान हादसा हो गया। जिसमें उपेन्द्र सिंह पुत्र वेगा सिंह उम्र 52 वर्ष निवासी हड़वाड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार मस्तू पुत्र जीवा सिंह, निवासी हड़वाड़ी, अरविंद पुत्र जयपाल सिंह,निवासी बरी, रमेश पुत्र चंद्र सिंह निवासी हड़वाडी, राधा पत्नी अनिल सिंह निवासी पूजेली, साइकिल पुत्र अमरू,शीशपाल सिंह पुत्र साइकिल, जगमोहन सिंह पुत्र रामू, केदार सिंह निवासी हड़वाडी तथा माजी देवी पत्नी हरि लाल निवासी पुजेली घायल हुए हैं। जिनको प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोरी में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य के लिए रेस्क्यू जारी है।

..दूरसंचार बना रेस्क्यू में बाधा

दुर्घटनास्थल और आसपास के पूरे इलाके में मोबाइल नेटवर्क अथवा किसी भी प्रकार की दूरसंचार सुविधा न होने के कारण कई घंटों तक मौके की सही स्थिति का पता नहीं चल सका। राहत टीमों से संपर्क पूरी तरह कट जाने के कारण प्रशासन को मोरी से सेटेलाइट फोन मौके पर भेजना पड़ा। चौकी प्रभारी मोरी द्वारा सेटेलाइट फोन के जरिए जानकारी दी गई। उप जिलाधिकारी पुरोला मुकेश रमोला स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत व बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story