अल्मोड़ा में कार खाई में गिरी, एक की मौत, दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
अल्मोड़ा में कार खाई में गिरी, एक की मौत, दो घायल


अल्मोड़ा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में हरड़ा-शीतला मार्ग पर रविवार रात एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई,जबकि दो अन्य घायल हो गए। बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के उप निरीक्षक पंकज डंगवाल ने बताया कि जिला नियंत्रण कक्ष से हरड़ा-शीतला मार्ग पर एक आल्टो कार के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद खैरना और सरियापानी स्थित एसडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार में तीन लोग सवार थे। हादसे में आनंद राम (55) की मौत हो गई। वह डूंगर राम के पुत्र थे। वहीं, किशोर कुमार (35) और कैलाश राम (46) घायल हो गए। एसडीआरएफ के बचाव दल ने दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से खैरना अस्पताल पहुंचाया। दोनों का उपचार चल रहा है। बचाव दल ने मृतक का शव भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद चंद्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759280 Articles

Share this story