10 मार्च तक शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें: सीडीओ

WhatsApp Channel Join Now
10 मार्च तक शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें: सीडीओ


पौड़ी गढ़वाल, 24 फ़रवरी (हि.स.)।जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में जिला योजना वर्ष 2025-26 की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की।

बैठक में विभिन्न विभागों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग 10 मार्च तक आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला योजना शासन की प्राथमिकता में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिन विभागों का व्यय प्रतिशत अपेक्षाकृत कम है, उन्हें तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विशेष रूप से वन, समाज कल्याण एवं कृषि विभाग की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि पूर्ण दर्शाए गए कार्यों की माप पुस्तिका (एमबी) एवं कार्यस्थल के स्पष्ट फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को नियमित निगरानी एवं समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, एसडीओ वन लक्की शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story