पुलिस की सतर्कता से मां-बेटी का मिलन, बिछड़ी पांच वर्षीय नंदिनी को सुरक्षित खोजकर सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस की सतर्कता से मां-बेटी का मिलन, बिछड़ी पांच वर्षीय नंदिनी को सुरक्षित खोजकर सौंपा


हरिद्वार, 04 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला-2026 के दौरान पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक मां की चिंता कुछ ही देर में खुशी में बदल गई। बहादराबाद बायपास पर ड्यूटी के दौरान पुलिस ने बिछड़ी हुई 5 वर्षीय बच्ची को सकुशल तलाश कर उसकी मां से मिलवाया।

जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को सेक्टर ऑफिसर उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज को ड्यूटी के दौरान एक महिला शिवभक्त सुनीता पत्नी मुरारी लाल, निवासी खुर्जा उत्तर प्रदेश अत्यंत परेशान हालत में मिलीं। महिला ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान अत्यधिक थकान के कारण उन्होंने अपनी पुत्री नंदिनी को रास्ते में जा रहे एक पिकअप कांवड़ वाहन में बैठा दिया था। लेकिन वह वाहन आगे निकल गया।

महिला के पास न तो वाहन का नंबर था और न ही सवार कांवड़ियों का कोई संपर्क, जिससे बच्ची का पता लगाना चुनौतीपूर्ण हो गया। मामले की गंभीरता देखते हुए सेक्टर ऑफिसर ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। बच्ची का विवरण सभी पुलिस ग्रुपों और ड्यूटीरत कर्मियों को साझा किया गया।

इसके बाद पुलिस टीम महिला को सरकारी वाहन में बैठाकर बहादराबाद बायपास, कोर कॉलेज, टोल प्लाजा और हाईवे पर पिकअप कांवड़ वाहनों की गहन तलाशी में जुट गई। प्रयास के बाद पुलिस को साईं मंदिर के पास एक पिकअप कांवड़ वाहन में मासूम नंदिनी सकुशल मिल गई।

बच्ची के सुरक्षित मिलने पर महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सभी औपचारिकताएं पूरी कर पुलिस ने नंदिनी को मां के सुपुर्द किया। बेटी को वापस पाकर सुनीता ने हरिद्वार पुलिस का भावुक होकर आभार जताया और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story