धनतेरस पर पुलिस ने लौटाई 82 लोगों के चेहरों की मुस्कान

WhatsApp Channel Join Now
धनतेरस पर पुलिस ने लौटाई 82 लोगों के चेहरों की मुस्कान


हरिद्वार, 06 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस और दीपावली के त्योहार के बीच हरिद्वार पुलिस ने 82 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। कोतवाली कनखल पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस की मदद से खोए हुए 82 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 12 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।

शुक्रवार को कोतवाली कनखल में पुलिस अधीक्षक नगर की उपस्थिति में मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के लिए यह किसी दीपावली के तोहफे से कम नहीं रहा। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने बताया कि वे मोबाइल मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ चुके थे, लेकिन पुलिस के प्रयासों से उन्हें अपने फोन वापस मिल गए।

इस साल 268 मोबाइल बरामद

कनखल पुलिस की ओर से मोबाइल बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी का नतीजा है कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 268 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इन सभी मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख 20 हजार रुपये है। मोबाइल फोन वापस मिलने पर स्वामियों ने कनखल पुलिस की कार्यशैली और प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस की इस कार्रवाई ने त्योहार के मौके पर उन लोगों को बड़ी राहत दी, जो अपने कीमती मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773259 Articles

Share this story