एसडीआरएफ ने लापता व्यक्ति को जंगल से सकुशल किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
एसडीआरएफ ने लापता व्यक्ति को जंगल से सकुशल किया रेस्क्यू


उत्तरकाशी, 13 मई (हि. स.)। जनपद के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में एसडीआरएफ के जवानाें ने रात्रिकालीन सर्च अभियान चलाकर जंगल में लापता व्यक्ति को सकुशल खोज निकाला। जंगल में अचेत अवस्था में मिले व्यक्ति काे प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

एसडीआरएफ के अनुसार, 12 मई की रात थाना धरासू से एसडीआरएफ पोस्ट चिन्यालीसौड़ को सूचना मिली कि मड़गांव निवासी विशन सिंह बर्थवाल (50) सुबह रोजाना की तरह बकरियां चराने जंगल गए थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों की ओर से काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम अपर उपनिरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से दुर्गम वन क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया गया। अंधेरा और कठिन भूभाग होने के बावजूद टीम ने अलग-अलग समूह बनाकर संभावित क्षेत्रों में सघन तलाश की। खोजबीन के दौरान विशन सिंह बर्थवाल जंगल के भीतर अचेत अवस्था में मिले। एसडीआरएफ कर्मियों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों को सौंप दिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि जंगल में अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वह बेहोश हो गए थे, जिससे घर वापस नहीं लौट सके। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई और रात्रिकालीन रेस्क्यू अभियान की सराहना करते हुए टीम का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story