करौली शंकर के इस्तीफे पर नया उदासीन अखाड़े का पलटवार, आरोपों को बताया निराधार

WhatsApp Channel Join Now
करौली शंकर के इस्तीफे पर नया उदासीन अखाड़े का पलटवार, आरोपों को बताया निराधार


हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। करौली शंकर महाराज की ओर से श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण के महामंडलेश्वर पद से स्वेच्छा से त्यागपत्र देने संबंधी बयान सामने आने के बाद अखाड़े ने पलटवार किया है। अखाड़े के कोठारी नितिन दास महाराज ने मीडिया में लगाए गए आरोपों को मिथ्या, निरर्थक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

अखाड़े में पत्रकारों से वार्ता करते हुए नितिन दास महाराज ने कहा कि यदि करौली शंकर महाराज को महामंडलेश्वर पद से त्यागपत्र देना था तो उन्हें अखाड़े के पदाधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर अपनी बात रखनी चाहिए थी। मीडिया के माध्यम से त्यागपत्र की घोषणा करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में अखाड़े की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में श्रीचंद्र मंदिर में भगवान श्रीचंद्र के समक्ष करौली शंकर महाराज ने स्वयं को प्रतिष्ठित किया और उपस्थित जनसमुदाय से अपनी पूजा कराई। मंदिर परिसर में दानपात्र भी रखे गए। नितिन दास के अनुसार, इस आयोजन में उदासीन संप्रदाय और पंच परंपरा के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि उदासीन संप्रदाय की परंपराओं से अवगत कराने के बाद करौली शंकर महाराज की ओर से मीडिया में त्यागपत्र संबंधी बयान दिया जाना निंदनीय है। अखाड़ा अपनी स्थापित परंपराओं और मर्यादाओं के अनुसार ही संचालित होता है। किसी के कहने पर नई परंपरा शुरू नहीं की जा सकती।

नितिन दास महाराज ने कहा कि श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन अपने मूल उद्देश्यों और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story