हरिद्वार में यातायात की राह में रोड़ा बने अनुपयोगी बिजली के पोल हटाए
हरिद्वार, 19 अक्टूबर (हि.स.)। शहर को सुंदर, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में प्रमुख मार्गों पर यातायात में बाधा बन रहे अनुपयोगी विद्युत पोल हटाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में भगत सिंह चौक से शंकराचार्य चौक तक सड़क किनारे लगे करीब 15 अनुपयोगी पोल हटाए गए हैं। साथ ही निजी कंपनियों और केबल ऑपरेटरों द्वारा लगाए गए अनावश्यक तारों के जाल को भी साफ किया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता विद्युत दीपक सैनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर में ऐसे पोल चिह्नित किए जा रहे हैं जो वर्तमान में उपयोग में नहीं हैं और यातायात को प्रभावित कर रहे हैं। कई जगहों पर इन पोलों पर केबल ऑपरेटरों ने तारों का जाल फैला रखा है, जिससे अव्यवस्था और शहर की सुंदरता पर असर पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विभिन्न मार्गों का निरीक्षण कर बाधा उत्पन्न करने वाले पोलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुगम बनाना और सार्वजनिक स्थलों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।
प्रशासन की इस पहल से सड़क किनारे अवरोध कम होने, यातायात व्यवस्था में सुधार और शहर के प्रमुख मार्गों के साफ-सुथरा दिखने की उम्मीद है। जिला प्रशासन संबंधित विभागों के समन्वय से शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुविधाजनक बनाने में जुटा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

