खेत में गाय के अवशेष मिलने से हड़कंप, हाईवे पर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
खेत में गाय के अवशेष मिलने से हड़कंप, हाईवे पर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन


हरिद्वार, 21 अगस्त (हि.स.)। लक्सर के सुल्तानपुर आदमपुर से शिवगढ़ गांव जाने वाले मार्ग के किनारे खेत में गाय के अवशेष मिलने से शुक्रवार सुबह क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।

घटना को लेकर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर अवशेष रखकर धरना शुरू कर दिया। इससे हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार रात अज्ञात लोगों द्वारा गाय की हत्या कर उसके अवशेष खेत के किनारे फेंके जाने का आरोप है। शुक्रवार सुबह किसान खेत पर पहुंचा तो उसकी नजर अवशेषों पर पड़ी। इसके बाद उसने ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की जानकारी फैलने पर बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद समेत अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

जिवेंद्र तोमर के नेतृत्व में प्रदर्शन

बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री जिवेंद्र तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सुबह करीब आठ बजे कार्यकर्ता अवशेष लेकर सुल्तानपुर के बीच लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर पहुंचे और सड़क पर अवशेष रखकर धरना शुरू कर दिया। जिवेंद्र तोमर ने कहा कि गाय हिंदू समाज की आस्था से जुड़ी है और सावन के पवित्र महीने में इस तरह की घटना गंभीर एवं आपत्तिजनक है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि गिरफ्तारी नहीं होने पर हिंदू संगठन आंदोलन तेज करेंगे।

आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारु कराया गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा अन्य संभावित साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गो संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान गौरक्षा प्रमुख कृष्ण पाल, नरेश भगत, कमल ठाकुर, आदित्य, अमरजीत सिंह, लवजीत चौहान, सरवन चौहान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story