शिक्षणेत्तर कर्मचारी यूनियन ने शुरू किया आंदोलन

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षणेत्तर कर्मचारी यूनियन ने शुरू किया आंदोलन


हरिद्वार, 16 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में शिक्षणेत्तर कर्मचारी यूनियन ने लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर शुक्रवार को केंद्रीय कार्यालय परिसर में क्रमिक धरना शुरू कर दिया। आंदोलन के पहले दिन यूनियन के पांच पदाधिकारी एवं कर्मचारी धरने पर बैठे। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर 29 अक्टूबर से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।

धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों के निस्तारण के लिए लंबे समय से विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन के उपेक्षापूर्ण रवैये के कारण कर्मचारियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा है।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हितों और अधिकारों की लड़ाई मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार क्रमिक धरना जारी रखा जाएगा। यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 29 अक्टूबर से कर्मचारी हड़ताल शुरू करने को विवश होंगे। इसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

धरने के पहले दिन अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज, महामंत्री नरेंद्र मलिक, दीपक वर्मा, राजीव गुप्ता और डॉ. रोशन लाल धरने पर बैठे। इससे पहले बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761904 Articles

Share this story