बहुगुणानगर विस्थापन पर बनी सहमति,पुनर्वास के लिए 35 से अधिक परिवार तैयार

WhatsApp Channel Join Now
बहुगुणानगर विस्थापन पर बनी सहमति,पुनर्वास के लिए 35 से अधिक परिवार तैयार


चमोली, 28 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग के आपदा प्रभावित बहुगुणानगर और सुभाष नगर क्षेत्र में विस्थापन प्रक्रिया को गति मिल गई है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से संवाद किया।

बैठक में 35 से अधिक प्रभावित परिवारों ने स्वैच्छिक विस्थापन के लिए सहमति जताई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विस्थापन, मुआवजा और पुनर्वास से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल ने बताया कि बहुगुणानगर क्षेत्र में 38 परिवारों के 39 भवन प्रभावित हैं। जिलाधिकारी ने विस्थापन से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा करीब 50 करोड़ की लागत से किए जा रहे सुरक्षा कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने माइक्रो पाइल, एंकर, आरसीसी सुरक्षा दीवार और जल निकासी जैसे कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को बंद पड़े स्क्रबर खोलने और वर्षाजल निकासी व्यवस्था को सुचारु करने के निर्देश भी दिए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।

बैठक में प्रभावित परिवारों को भवन मूल्यांकन के आधार पर प्रस्तावित मुआवजे की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने तत्काल सुरक्षित स्थानांतरण की आवश्यकता वाले परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल, नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, सिंचाई विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के कर्मचारी और प्रभावित परिवार मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story