अभी तक 24 लाख 68 हजार,1 सौ 32 श्रद्धालुओं ने कराया चार धाम यात्रा के लिए पंजीकरण : सतपाल महाराज

WhatsApp Channel Join Now
अभी तक 24 लाख 68 हजार,1 सौ 32 श्रद्धालुओं ने कराया चार धाम यात्रा के लिए पंजीकरण : सतपाल महाराज


हरिद्वार, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में जारी चारधाम यात्रा के बीच व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रही है। इसी क्रम में जनपद प्रभारी एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बुधवार को हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं चाक-चौबंद रखी जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। पंजीकरण केंद्र में कार्यरत सभी कर्मचारी तीर्थयात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार रखें और “अतिथि देवो भव” की परंपरा का पालन करते हुए उनका स्वागत करें। मंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

यात्रा से जुड़े आंकड़ों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अब तक कुल 4,07,961 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। इनमें

यमुनोत्री धाम: 57,704 यात्री

गंगोत्री धाम: 57,863 यात्री

केदारनाथ धाम: 2,07,452 यात्री

बद्रीनाथ धाम: 84,942 यात्री शामिल हैं।

वहीं, अब तक 24,68,132 तीर्थयात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण कराया है।

मंत्री ने कामना की कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलमय हो और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण हों। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story