कुलसचिव से मारपीट पर गैंगस्टर लगाने की मांग, एसपी सिटी को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
कुलसचिव से मारपीट पर गैंगस्टर लगाने की मांग, एसपी सिटी को सौंपा ज्ञापन


हरिद्वार, 04 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी डीम्ड विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार के साथ हुई मारपीट के प्रकरण में आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तराखंड और विवि स्टाफ ने दोषियों पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई और गैंगस्टर लगाने की मांग उठाई है।

बुधवार को प्रतिनिधियों ने कुलपति के बाद एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपा।

आर्य प्रतिनिधि सभा के सदस्य और स्टाफ विवि में एकत्र हुए और कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा को ज्ञापन सौंपकर मारपीट करने वाले कर्मचारियों को बर्खास्त करने की मांग की, ताकि भविष्य में कोई कर्मचारी इस तरह का अमानवीय व्यवहार न करे। इस दौरान कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह ने अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी।

एसपी सिटी दीपक सिंह को भी ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और गैंगस्टर की कार्रवाई की मांग की गई। एसपी सिटी ने आश्वस्त किया कि प्रकरण में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

स्वामी ओमानंद ने कहा कि वरिष्ठ प्रोफेसर के साथ मारपीट कर गंभीर हालत में पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यह स्वामी श्रद्धानंद की तपोस्थली है, यहां हुई घटना से सभी की भावनाएं आहत हुई हैं। पूर्व प्रधान हाकम सिंह आर्य ने कहा कि कुलसचिव की हालत गंभीर है, न्याय नहीं मिला तो 13 नवंबर को आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

ज्ञापन देने वालों में स्वामी सुरेंद्रानंद, स्वामी अग्निवेश, प्रेम प्रकाश, डॉ. नवनीत परमार, वेदानंद, विवेक आर्य, मानपाल सिंह आर्य सहित बड़ी संख्या में स्टाफ मौजूद रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story