स्कूल बस सुविधा के लिए सांसद से मिलेंगे केवी के अभिभावक
पौड़ी गढ़वाल, 01 अगस्त (हि.स.)।पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय की अभिभावक शिक्षक संघ की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कम छात्र संख्या व स्कूल के लिए बस सुविधा नहीं होने पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में तय किया गया कि स्कूल में बस सुविधा को लेकर जल्द ही सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी, विधायक राजकुमार पोरी के साथ ही स्थानीय प्रशासन से मुलाकात कर समस्याएं हल करने की मांग की जाएगी।
शनिवार को आयोजित बैठक में अभिभावकों ने कहा शहर से कुछ दूरी पर होने के चलते स्कूल में छात्रसंख्या कम होती जा रही है। स्कूल में बस सुविधा नहीं होने के चलते छात्र-छात्राओं को स्कूल आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्कूल बस की सुविधा नहीं होने से छात्रसंख्या भी लगातार कम हो रही है। स्कूल की प्रधानाचार्य अनिता बिष्ट ने कहा कि सुगत यातायात व्यवस्था होने पर स्कूल में छात्रसंख्या बढ़ेगी।
इस मौके पर अभिभावक शिक्षक संघ के संयुक्त सचिव प्रवेश कुमार, मीडिया प्रभारी करन सिंह, प्रवेश कुमार, निधि रावत, नरेंद्र सिंह बिष्ट, पूनम रावत, पूजा शर्मा, हरीश चंद्र, सरिता नौटियाल आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

