यूआरसीएमएस पोर्टल सेवाएं शुरु, अब घर बैठे बनेंगे राशन कार्ड
-ओटीपी सत्यापन से होंगे संशोधन, 30 मई तक ई-केवाईसी कराने की अपील
देहरादून, 16 मई (हि.स.)। भारत सरकार की स्मार्ट पीडीएस योजना के तहत राशन कार्ड सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (यूआरसीएमएस) पोर्टल लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक घर बैठे नया राशन कार्ड बनवाने, नाम जोड़ने-हटाने और अन्य आवश्यक संशोधन ऑनलाइन कर सकेंगे।
सरकार ने पुराने आरसीएमएस पोर्टल को आधुनिक तकनीक और सरल प्रक्रियाओं के साथ अपग्रेड कर यूआरसीएमएस पोर्टल तैयार किया है। इससे राशन कार्ड संबंधी सेवाएं तेज, पारदर्शी और अधिक सुविधाजनक होंगी। अब लोगों को राशन कार्ड बनवाने या उसमें संशोधन कराने के लिए दफ्तरों और राशन दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नागरिक आधिकारिक पोर्टल uk.smartpds.nic.in पर सिटिजन लॉगिन के माध्यम से आवेदन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। नए राशन कार्ड के लिए आवेदकों को आधार आधारित ओटीपी सत्यापन के जरिए लॉगिन करना होगा, जबकि पुराने राशन कार्ड में संशोधन के लिए परिवार के मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर से ओटीपी सत्यापन अनिवार्य किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि नागरिक नए राशन कार्ड के लिए तहसील एवं जिला पूर्ति कार्यालयों में भी आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से राशन कार्ड सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को समय की बचत होगी।
उन्होंने सभी पुराने राशन कार्ड धारकों से 30 मई से पहले “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते ई-केवाईसी नहीं कराने पर भविष्य में राशन संबंधी सेवाओं में परेशानी आ सकती है।
नए राशन कार्ड के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, आय प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, बिजली बिल, बैंक पासबुक और गैस बुक की प्रतिलिपि आवश्यक होगी। वहीं राशन कार्ड को एक दुकान से दूसरी दुकान ट्रांसफर कराने के लिए प्रार्थना पत्र, बैंक पासबुक, गैस बुक, बिजली बिल और राशन कार्ड की प्रतिलिपि जमा करनी होगी।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

