नासिक, उज्जैन और हरिद्वार में होगा कुंभ मेले का दिव्य और भव्य आयोजन -रविंद्रपुरी

WhatsApp Channel Join Now
नासिक, उज्जैन और हरिद्वार में होगा कुंभ मेले का दिव्य और भव्य आयोजन -रविंद्रपुरी


हरिद्वार, 28 मई (हि.स.)।अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि नासिक, उज्जैन और हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेलों को दिव्य और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए अखाड़ा परिषद निरंतर सक्रिय है।

श्रीमहंत ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ बैठक कर 2028 में होने वाले उज्जैन महाकुंभ मेले के लिए अखाड़ों और संतों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गयी है। इसके अलावा 2027 में होने वाले नासिक महाकुंभ मेले के संबंध में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से वार्ताओं का क्रम भी लगातार जारी है। नासिक कुंभ मेले में अखाड़ों को सुविधा और सहायता के अखाड़ा परिषद के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने सहमति जताते हुए अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।

श्रीमहंत रविंद्रपुुरी ने बताया कि अगले वर्ष 2027 में हरिद्वार में भी कुंभ मेले का आयोजन होना है। हरिद्वार देश की प्रमुख धर्मनगरी है। हरिद्वार में कुंभ मेले के भव्य आयोजन से सनातन संस्कृति को लेकर पूरे विश्व में सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार कुंभ के संबंध में चर्चा को लेकर अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी व अन्य संतों के साथ शीघ्र ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी वार्ता करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story