शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ की कोर कमेटी बैठक: गुरु पूर्णिमा से देशव्यापी अभियान
हरिद्वार, 26 जुलाई (हि.स.)। शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ की उत्तराखंड कोर कमेटी की बैठक सिडकुल स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2027 में संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें प्रकाशोत्सव के भव्य आयोजन और गुरु पूर्णिमा से शुरू होने वाले देशव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में दर्जाधारी राज्यमंत्री एवं राष्ट्रीय सचिव देशराज कर्णवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने समरसता और हिंदुत्व के लिए कार्य किया। सनातन धर्म व हिंदुत्व को आगे बढ़ाने के लिए गुरु रविदास के पदचिन्हों पर चलते हुए धर्मपरिवर्तन को रोकना होगा।
राज्यमंत्री सुरेंद्र मोगा ने जानकारी दी कि संत गुरु रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से स्वर्णिम कलश यात्रा 30 जुलाई को सहारनपुर पहुंचेगी। कलश यात्रा के उत्तराखंड आगमन पर मंडावर चौकी पर स्वागत किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष प्रो. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि महापीठ के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत कुमार गौतम, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत कुमार और अंतरराष्ट्रीय महामंत्री आत्माराम भाई परमार के निर्देशन में 29 जुलाई गुरु पूर्णिमा से देशभर के रविदास मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ सदस्यता संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा।प्रदेश महामंत्री संगठन सतीश कुमार ने कहा कि गुरु रविदास के 650वें प्रकाशोत्सव को देश-विदेश में श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाने की तैयारियां चल रही हैं। इस अभियान के माध्यम से समाज को जोड़ने और गुरु रविदास के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता संरक्षक मोदीमल तेगवाल और संचालन जिलाध्यक्ष देशराज कपिल ने किया।
इस दौरान राष्ट्रीय सचिव सुबोध राकेश, प्रांतीय संरक्षक किशोर कुमार, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बरखा रानी, सहित प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

