बिनारसी गांव के दोहरे हत्याकांड में 11 गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बिनारसी गांव के दोहरे हत्याकांड में 11 गिरफ्तार


हरिद्वार, 04 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम बिनारसी में रविदास जयंती शोभायात्रा के बाद हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से जुड़े 11 अभियुक्तों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

घटना तीन दिन पूर्व की है, जब शोभायात्रा संपन्न होने के बाद दो पक्षों के बीच हुए विवाद में पहले आनंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने विशाल के चाचा मांगेराम की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के दौरान आगजनी, तोड़फोड़ और कई लोगों के घायल हुए थे।

मामले में थाना भगवानपुर में दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मृतक मांगेराम के पुत्र जोनी की तहरीर पर अनुज सहित अन्य के विरुद्ध और मृतक आनंद के पिता लक्ष्मीचंद की तहरीर पर विशाल सहित अन्य के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में एक पक्ष से हुस्नलाल, अक्षय, सुनील, भूपेंद्र, टिकू, रोहित, असकेन्द्र व अवनेश उर्फ हनुमान शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से विशाल, हिमांशु और निखिल को गिरफ्तार किया गया है। सभी अभियुक्त ग्राम बिनारसी, जनपद हरिद्वार के निवासी हैं।

प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लापरवाही के आरोप में कुछ पुलिस कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story