राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष बने सुनील सेठी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष बने सुनील सेठी


हरिद्वार, 22 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व राज्य सूचना आयुक्त अशोक मेहता ने हरिद्वार के सुनील सेठी को महासभा की उत्तराखंड इकाई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज की अध्यक्षता में रविवार को प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में यह घोषणा की गई। कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय सचिव अवतार सिंह चुघ,राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश आनंद और हरियाणा प्रदेश महासचिव चौधरी राकेश भल्ला विशेष तौर पर शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए अशोक मेहता ने कहा कि राष्ट्रीय पंजाबी महासभा गुरुओं के संदेश 'सरबत दा भला' और अपने मुख्य संरक्षक पदमश्री विजय चोपड़ा के मूलमंत्र 'सत्कार अते सेवा' के सिद्धांत को लेकर देश के विभिन्न भागों में समाज सेवा के अनेक प्रकल्प चल रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उत्तराखंड में भी सुनील सेठी के नेतृत्व में महासभा पंजाबी समुदाय को एकजुट करके समाज के सभी लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न प्रकल्प चलाएगी।

अशोक मेहता ने उत्तराखंड सरकार से मांग की कि वह पंजाबी भाषा को राज्य की दूसरी आधिकारिक भाषा घोषित करे और भारत पाक विभाजन विभीषिका के दौरान अपने देश एवं धर्म की रक्षा के लिए शहीद हुए लाखों लोगों की पावन स्मृति में शहीद स्मारक की स्थापना करें।

कार्यक्रम में पधारे स्वामी ऋषिवरानंद महाराज ने कहा कि गुरुगोविंद सिंह ने हमें सेवा समर्पण बलिदान का मार्ग दिखाया। उनके बताए रास्ते पर आज भी देश आगे बढ़ सेवा कर रहा है। मेरा आशीर्वाद है ये संगठन भी आगे बढ़ते हुए पूरे प्रदेश में सेवा के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित करे।

इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि पूरे उत्तराखंड में हम सेवा समर्पण भाव का लक्ष्य रखते हुए इस मंच से सर्व समाज हितों के लिए काम करेंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के राष्ट्रीय सचिव ललित अरोड़ा, राष्ट्रीय सचिव अवतार सिंह चुग,राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हर भगवान छाबड़ा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश आनद,लव दत्ता,हरमिंदर सिंह,भूषण लाल अरोड़ा,यश सड़ाना,नीरज भसीन,परविंदर सिंह सहित सैकड़ों पंजाबी उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story