नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 20 जून (हि.स.)। महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भगवानपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवानपुर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 18 जून को कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ ग्राम हलजौरा निवासी एक युवक ने दुष्कर्म किया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले में कोतवाली भगवानपुर में पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भगवानपुर एवं प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

