छात्रा से दुष्कर्म, ब्लैकमेल और जबरन शादी के दबाव का आरोप, मुकदमा दर्ज
हरिद्वार, 10 जुलाई (हि. स.)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक 19 वर्षीय छात्रा की शिकायत पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश के बाद पुलिस ने एक युवक और उसकी भाभी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेल, जबरन शादी का दबाव बनाने और अन्य गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि पांवधोई क्षेत्र की एक महिला ने उससे परिचय बढ़ाने के बाद अपने देवर से दोस्ती करने का दबाव बनाया। मना करने के बावजूद उसका मोबाइल नंबर आरोपित को दे दिया, जिसके बाद वह लगातार फोन कर और स्कूल के बाहर पहुंचकर उस पर दबाव बनाता रहा।
शिकायत में कहा गया है कि 16 मार्च को बोर्ड परीक्षा देकर लौटते समय आरोपित कथित तौर पर उसे जबरन बाइक पर अपने साथ ले गया। पीड़िता का आरोप है कि वहां पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गई और होश आने पर उसे अपने साथ दुष्कर्म होने की जानकारी हुई। आरोप है कि इस दौरान उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए गए।
छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसे रोशनाबाद ले जाकर कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए, वीडियो बनवाया गया व फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शादी का दबाव बनाया गया और 50 हजार रुपये की मांग की गई।
पीड़िता का कहना है कि पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि सीजेएम के आदेश पर आज मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

