नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बुधवार देर रात बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास से दबोचा गया। पूछताछ के बाद गुरुवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि आकेश उर्फ आदेश पुत्र राम सेवक निवासी ग्राम पीतम नगर हडोरा, थाना सिकंदरपुर, जिला कासगंज उत्तर प्रदेश, हाल निवासी जमालपुर कलां, थाना कनखल, उसके घर में जबरन घुस आया और उसकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई सोनल रावत के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

बुधवार रात मुखबिर की सूचना मिली पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे फाउंड्री गेट से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story