श्री राम इमाम-ए-हिंद हैं, भारतीयों को उनके किरदार पर जीना चाहिए - राव अफाक

WhatsApp Channel Join Now
श्री राम इमाम-ए-हिंद हैं, भारतीयों को उनके किरदार पर जीना चाहिए - राव अफाक


हरिद्वार, 17 अक्टूबर (हि.स.)। श्री देव सुमन नगर टिहरी विस्थापित कॉलोनी में पिछले 20 वर्षों से हो रही रामलीला में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव अफाक अली ने कहा कि श्री राम इमाम-ए-हिंद हैं और भारतीयों को उनके किरदार पर जीना चाहिए। उन्होंने कहा सिर्फ नारे लगाने से कोई रामभक्त नहीं बन सकता।

रामलीला मंचन के दौरान शूर्पणखा द्वारा श्री राम पर विवाह का दबाव डालने, लक्ष्मण द्वारा उसकी नाक काटने तथा शूर्पणखा के अपने भाई रावण के दरबार में जाकर बदला लेने के लिए उकसाने के प्रसंग का मंचन किया गया।

कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मस्तराम जोशी, निर्देशक दिनेश लाल, सर्वरक्षक मोहन सिंह रावत और मंच संचालक मनीष रावत सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी ने मुख्य अतिथि राव अफाक अली, कांग्रेस के रानीपुर विधानसभा नेता मनोज धनगर, पवन पाल, साहिल कुरैशी, चांद कुरैशी, आबिद गुज्जर सहित सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

राव अफाक अली और मनोज धनगर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मंच का उद्घाटन किया।

राव अफाक ने कहा कि भारत में वसुधैव कुटुम्बकम की परंपरा रही है। पिछले 20 वर्षों से वह इस रामलीला में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर रहे हैं। सुमन नगर के वासी उनका परिवार हैं और वह जीवन भर उनके सुख-दुख में शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह हिंदू-मुस्लिम एकता की बड़ी मिसाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story