भाजपा प्रशिक्षण महाभियान में उत्तराखंड देश में अव्वल

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रशिक्षण महाभियान में उत्तराखंड देश में अव्वल


भाजपा प्रशिक्षण महाभियान में उत्तराखंड देश में अव्वल


देहरादून, 10 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत आयोजित जिला एवं मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्गों में उत्तराखंड भाजपा ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए जिला श्रेणी में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। मंडल स्तर पर भी प्रदेश अपने जोन में शीर्ष स्थान पर रहा है।

बैठक में हाल ही में संपन्न प्रदेश के सभी 19 संगठनात्मक जिलों और 304 मंडलों के प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा की गई। इस दौरान जोनल प्रभारी अमरपाल मौर्य तथा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने प्रशिक्षण टोली के सदस्यों से फीडबैक लिया और कार्यक्रम की विशेषताओं पर चर्चा की।

इस अवसर पर श्री मौर्य ने जानकारी दी कि प्रदेश में जिला एवं मंडल स्तर का प्रशिक्षण बहुत शानदार और प्रभावी ढंग से हुआ है। जिसका परिणाम रहा कि पूरे देश में जिलावार प्रशिक्षण में उत्तराखंड नंबर वन स्थान पर आया है। इसी तरह मंडल स्तर के वर्गों में भी पूरें जोन में प्रदेश पहले स्थान पर रहा है।

उन्होंने कहा कि अपने, अपनी भूमिका एक कुम्हार की तरह घड़े को गढ़ने की है, जिसका आनंद उसका पानी पीने वाले उठायेंगे। ठीक उसी तरह आप सबने प्रदेश के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया है और अब उनके सामर्थ्य पर प्रदेश में हमे आने वाले विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगानी है। वहीं उन्होंने सभी से आने वाले समय में होने वाले प्रदेश के प्रशिक्षण वर्ग को बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वाधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। कहा, देश के अंदर वे ऐसे एक प्रधानमंत्री हैं, जो एक सामान्य गांव से जन्म लिए और देश के सबसे ज्यादा कार्यकाल 4,399 दिनों का उन्होंने जो रिकॉर्ड बनाया है। यह सामान्य बात नहीं है, एक भी दिन उन्होंने छुट्टी नहीं लिया।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का जिला एवं मंडल स्तर का प्रशिक्षण समाप्त हो चुका है। प्रशिक्षण के समापन के बाद एक समीक्षा पार्टी द्वारा होती है। इस बैठक में हमारे जोन प्रभारी और राज्यसभा के सांसद, उत्तर प्रदेश के महामंत्री अमरपाल मौर्य ने समीक्षा की है।

समीक्षा बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, वरिष्ठ नेता और दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक हिमांशु संगथानी समेत प्रशिक्षण वर्ग से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए।

---

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story