रामपुर तिराहा कांड के बलिदानियों को मुख्यमंत्री ने किया नमन, कहा- उनके सपनों का उत्तराखंड बनाना जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
रामपुर तिराहा कांड के बलिदानियों को मुख्यमंत्री ने किया नमन, कहा- उनके सपनों का उत्तराखंड बनाना जिम्मेदारी


देहरादून, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुजफ्फरनगर कांड (रामपुर तिराहा) की बरसी की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अलग राज्य के लिए आंदोलनकारियों का संघर्ष, त्याग और बलिदान उत्तराखण्ड की नींव का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रदेशवासी उनके योगदान को सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया और अनेक लोगों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। उन्हीं के संघर्ष और बलिदान से उत्तराखण्ड राज्य का गठन संभव हुआ। उन्होंने कहा कि शहीदों की भावनाओं और आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का निर्माण करना सरकार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के संतुलित और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने के साथ युवाओं, महिलाओं, किसानों और स्थानीय लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की प्रगति के लिए विकास के साथ संस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण का संरक्षण भी जरूरी है। उत्तराखंड को आदर्श एवं अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य आंदोलन की मूल भावना को विकास कार्यों में प्रतिबिंबित करना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके सपनों के उत्तराखण्ड के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और एकजुटता से काम किया जाए। उन्होंने प्रदेशवासियों से राज्य की उन्नति और समृद्धि में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story