बाइक सवार भाई-बहन नहर में गिरे, युवक का पैर फ्रैक्चर

WhatsApp Channel Join Now
बाइक सवार भाई-बहन नहर में गिरे, युवक का पैर फ्रैक्चर


रामनगर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। नैनीताल जिले के रामनगर के छोई-नाथुपुर क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार भाई-बहन नहर में गिर गए। यह घटना एक स्कूल बस और ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के प्रयास में हुई, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया है।

जानकारी के अनुसार युवक अपनी बहन को छोई क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में ड्यूटी पर छोड़ने जा रहा था। संकरी सड़क पर सामने से आ रही स्कूल बस और पास चल रहे ट्रैक्टर के बीच से निकलने की कोशिश में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सिंचाई नहर में जा गिरी।

घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को नहर से बाहर निकाला। इसी बीच, क्षेत्र पंचायत सदस्य पर्वत लटवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और अपने निजी वाहन से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक हादसे में युवक के पैर में फ्रैक्चर आया है, जबकि युवती को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें लगी हैं। फिलहाल, दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि छोई-नाथुपुर मार्ग संकरा होने और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और यातायात नियंत्रण बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story