श्रीमहंत रमेश गिरि बने षडदर्शन साधु समाज के राजस्थान प्रदेश उपाध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
श्रीमहंत रमेश गिरि बने षडदर्शन साधु समाज के राजस्थान प्रदेश उपाध्यक्ष


हरिद्वार, 26 सितंबर (हि.स.)। षडदर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति ने संगठनात्मक विस्तार करते हुए रमेश गिरि को राजस्थान प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति पर संत समाज और पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और सक्रियता से राजस्थान में समिति के कार्यों को नई गति मिलेगी।

समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत गोपाल गिरि महाराज ने कहा कि रमेश गिरि को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने से संगठन को प्रदेश में मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि समिति संत समाज को संगठित करने और सनातन धर्म एवं संस्कृति से जुड़े विषयों पर निरंतर कार्य कर रही है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत चेतनानंद गिरि महाराज ने कहा कि संगठन में जिम्मेदारियां समर्पित और सक्रिय संतों को दी जा रही हैं। रमेश गिरि की नियुक्ति से राजस्थान में संत समाज के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।

महामंत्री श्रीमहंत गीतानंद गिरि महाराज ने भी रमेश गिरि को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि रमेश गिरि अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगे।

रमेश गिरि ने समिति के वरिष्ठ संतों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story