राजभवन से यूओयू के दीक्षांत समारोह के आयोजन को मिली स्वीकृति

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी , 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के शैक्षणिक सत्र 2025–26 के दीक्षान्त समारोह के आयोजन को राजभवन से स्वीकृति मिल गई है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने बुधवार, 18 नवम्बर को दीक्षांत समारोह आयोजित किए जाने के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान कर दी है।

राजभवन सचिवालय, उत्तराखण्ड की ओर से 12 अक्टूबर को जारी पत्र के माध्यम से विश्वविद्यालय के कुलपति को समारोह की तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पत्र में विश्वविद्यालय को समारोह से संबंधित विभिन्न जानकारियां एवं दस्तावेज 20 अक्टूबर तक राजभवन सचिवालय को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।

राजभवन के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय को दीक्षान्त समारोह का क्षण-प्रतिक्षण कार्यक्रम, समारोह स्थल, डायस प्लान एवं बैठक व्यवस्था, राज्यपाल एवं कुलाधिपति के उद्बोधन का हिंदी आलेख, निमंत्रण-पत्र का प्रारूप, पोस्टर एवं बैकड्रॉप का प्रारूप तथा कार्यक्रम की कार्यविधि तैयार कर भेजनी होगी। इसके अतिरिक्त आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य अतिथियों की सूची तथा समारोह से संबंधित अन्य आवश्यक सूचनाएं भी निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध करानी होंगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि राजभवन से प्राप्त स्वीकृति के क्रम में दीक्षान्त समारोह की तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा। समारोह के आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं, कार्यक्रम की रूपरेखा तथा अतिथियों के आमंत्रण सहित विभिन्न तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरा किया जाएगा।

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय राज्य के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों के शिक्षार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। दीक्षान्त समारोह विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025–26 की उपलब्धियों को रेखांकित करने तथा शिक्षार्थियों की शैक्षणिक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव को सम्मानित करने का अवसर होगा।

समारोह के विस्तृत कार्यक्रम, उपाधि प्राप्त करने वाले शिक्षार्थियों की संख्या तथा अन्य आयोजन संबंधी विशेष जानकारी विश्वविद्यालय की ओर से आगे साझा किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story