प्रदेश में दाे दिन का बारिश आंधी का अलर्ट, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सतर्क

WhatsApp Channel Join Now


देहरादून, 03 मई (हि.स.)। मौसम विभाग की ओर से एक बार फिर राज्य के कई इलाकाें में अगले दाे दिन के लिए आंधी-तूफान और बारिश का

ऑरेंज अलर्ट जारी हाेने के बाद रविवार काे आपदा प्रबंधन व पुनर्वास ने एक सभी जनपदों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया। बैठक में जनपदों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

आपदा प्रबंधन के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मौसम विभाग ने सोमवार व मंगलवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके मद्देनजर सभी जनपदों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी जनपदों को निर्देश दिए कि मौसम से संबंधित सभी अलर्ट एवं सूचनाएं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से तत्काल आमजन तक पहुंचाई जाएं, ताकि समय रहते लोग सतर्क हो सकें। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने 4 मई, को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर एवं चम्पावत जनपदों के लिए तथा दिनांक 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि के दौरान आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि, तेज वर्षा तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाधित सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोला जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि कुछ जनपदों में सड़कों के बाधित होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिन्हें अधिकांशतः खोल दिया गया है तथा शेष मार्गों को भी जल्द से जल्द सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं। चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विशेष निर्देश दिए कि हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन पूरी तरह मौसम की स्थिति के अनुरूप ही किया जाए। प्रतिकूल मौसम की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न लेते हुए उड़ानों का संचालन स्थगित रखा जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story