पौड़ी में 30 मोटरमार्ग अब भी बंद
पौड़ी गढ़वाल, 12 जुलाई (हि.स.)। तीन दिनों तक लगातार हुई बारिश के बाद रविवार को मौसम ने कुछ राहत दी। दिनभर धूप और बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन बारिश से हुए नुकसान के कारण जिले में 30 मोटरमार्गों पर यातायात अब भी बाधित रहा।
आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, मलबा और बोल्डर आने से जगमोहन सिंह नेगी मोटरमार्ग, शहीद अनुसूया प्रसाद मोटरमार्ग, पीपलकोटी-नीलकंठ, बेदीखाल-अरोली, नैनीडांडा-शंकरपुर सहित 30 मोटरमार्ग बंद रहे, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारी बारिश के कारण पौड़ी के ग्राम गाड़ पल्ली में विद्युत लाइन बाधित हो गई है। संबंधित विभाग की ओर से विद्युत आपूर्ति बहाल करने का कार्य जारी है।
विकासखंड खिर्सू के अंतर्गत देवसाल-बेलगढ़ पेयजल योजना का चैंबर मलबा आने से बंद हो गया है, जबकि इसी ब्लॉक का जमसाली पेयजल स्रोत भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, कोट विकासखंड के तहत नकोट-धनचड़ा-दिलोगी पेयजल योजना भी बारिश से प्रभावित हुई है। प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं मरम्मत कार्य में जुटे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

