डिफेंस कॉलोनी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की फीजिबिलिटी जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now


देहरादून, 24 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देहरादून के डिफेंस कॉलोनी मोटर मार्ग पर किमी-01 स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के प्रस्ताव पर महत्वपूर्ण जानकारी दी है।

केंद्रीय रेल मंत्री ने अवगत कराया है कि उक्त स्थान पर आरओबी निर्माण की व्यवहार्यता की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में बढ़ती यातायात आवश्यकताओं और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिफेंस कॉलोनी मोटर मार्ग स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर आरोबी निर्माण का प्रस्ताव केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष रखा था।

केंद्र सरकार की ओर से प्रस्ताव की व्यवहार्यता जांच शुरू किए जाने से क्षेत्रवासियों में आवागमन को सुगम बनाने और रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है। आरओबी का निर्माण होने से रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों के रुकने की समस्या कम होने के साथ ही क्षेत्र में यातायात का दबाव घटाने में भी मदद मिलने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story