एसटीएफ की छापेमारी में 101 एलपीजी सिलेंडर बरामद, गोदाम में ताला लगाकर घर में छिपीं महिलाएं
हरिद्वार, 04 अप्रैल (हि.स.)। साउथ सिविल लाइंस क्षेत्र रूड़की में शनिवार को एसटीएफ देहरादून की टीम ने एक गोदाम में छापेमारी कर 101 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए। बरामद किए गए सिलेंडरों में अधिकांश सिलेंडर इंद्रा गैस नामक कंपनी के बताए जा रहे हैं। हालांकि मौके पर मिले सभी सिलेंडर खाली पाए गए। मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार बरामद सिलेंडर गदरजुड़ा निवासी एक व्यक्ति के बताए जा रहे हैं, जिसकी यहां एक निजी कंपनी की गैस एजेंसी संचालित है। जिस स्थान से सिलेंडर बरामद किए गए, उसे गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। गोदाम के ठीक सामने एजेंसी संचालक का आवास भी स्थित है।
छापेमारी के दौरान खाद्य आपूर्ति निरीक्षक मदन रावत भी मौके पर पहुंचे। एसटीएफ टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, एसआई विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल देवेंद्र ममगाईं, महेंद्र सिंह नेगी, संजय तथा सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस की टीम शामिल रही।
सूचना पर पहुंची एसटीएफ टीम ने गोदाम में प्रवेश कर सिलेंडरों की गिनती की। इसी दौरान सामने स्थित घर में मौजूद महिलाओं ने टीम के साथ अभद्रता की और वापस घर मे चली गईं। काफी प्रयासों के बावजूद महिलाएं बाहर नहीं आईं। फिलहाल पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग मामले की जांच व आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

