बिजली चोरी के खिलाफ अभियान, 32 घरों में पकड़ी गई कटिया

WhatsApp Channel Join Now
बिजली चोरी के खिलाफ अभियान, 32 घरों में पकड़ी गई कटिया


रुड़की, 03 अक्टूबर (हि.स.)। ऊर्जा निगम की टीम ने शनिवार को कलियर की नई बस्ती समेत कई मोहल्लों में बिजली चोरी के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 32 घरों में सीधे लाइन पर कटिया डालकर बिजली चोरी पकड़ी। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।

एसडीओ अनिता सैनी,अनुभव सैनी और ओमपाल सिंह और जेई गोपाल सैनी, राकेश और आसिफ की टीम ने विभिन्न कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान सीधे लाइन से बिजली का उपयोग किए जाने के 32 मामले सामने आए।

जेई गोपाल सैनी की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार चेकिंग अभियान से लौटते समय कुछ लोगों ने ऊर्जा निगम के वाहन को रोककर विरोध किया। आरोप है कि इस दौरान टीम के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि ऊर्जा निगम की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story