उफनते गदेरे से आवाजाही को मजबूर कौंज-पोथनी और बेलीधार के ग्रामीण

WhatsApp Channel Join Now
उफनते गदेरे से आवाजाही को मजबूर कौंज-पोथनी और बेलीधार के ग्रामीण


उफनते गदेरे से जान जोखिम में डालकर आवाजाही को मजबूर कौंज-पोथनी और बेलीधार के ग्रामीण

गोपेश्वर, 06 अगस्त (हि.स.)। जिला मुख्यालय गोपेश्वर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित कौंज-पोथनी और बेलीधार गांवों के ग्रामीण बरसात के दौरान जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। गांवों को जोड़ने वाला गधेरा लगातार हो रही बारिश के कारण उफान पर है। पुलिया के अभाव में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को इसी उफनते गधेरे को पार करना पड़ रहा है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है।

भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष आशीष नेगी ने बताया कि भारी बारिश के चलते कौंज-पोथनी और बेलीधार को जोड़ने वाला गधेरा पिछले करीब दो सप्ताह से उफान पर है। पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है और बच्चों को भी जोखिम उठाकर स्कूल जाना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका कहना है कि चुनाव के समय नेताओं को ग्रामीणों की समस्याएं दिखाई देती हैं, लेकिन संकट की घड़ी में उन्हें अपने हाल पर छोड़ दिया जाता है।

आशीष नेगी ने प्रशासन से मांग की है कि कौंज-पोथनी और बेलीधार के बीच शीघ्र सुरक्षित पुल का निर्माण कराया जाए या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story