प्रश्नोत्तरी में शुभम निगम और निबंध प्रतियोगिता में नंदिनी ने मारी बाजी

WhatsApp Channel Join Now
प्रश्नोत्तरी में शुभम निगम और निबंध प्रतियोगिता में नंदिनी ने मारी बाजी


हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय में राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें 50 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक मदन लाल जाट ने बताया कि विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि बढ़ाने, आधुनिक ज्ञान-विज्ञान के साथ वैदिक ज्ञान परंपरा और भारतीय संस्कृति से परिचित कराने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में शुभम कुमार निगम ने प्रथम, अभिषेक राज और शुभम कुमार ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा संकेत गौतम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में ऐश्वर्या सिंह प्रथम, रचना द्वितीय और गरिमा भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में नंदिनी ने प्रथम, कपिल एवं अनमोल सैनी ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा वंश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. ब्रह्मदेव ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। विशिष्ट अतिथि जन्तु एवं पर्यावरण विभाग के प्रो. राकेश भूटियानी ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पुस्तकों का अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकें न केवल विषय विशेष का ज्ञान देती हैं, बल्कि अन्य क्षेत्रों की महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल करने का भी श्रेष्ठ माध्यम हैं।

कार्यक्रम संयोजक मदन लाल जाट ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय के महत्व और अध्ययन में उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर अतिथियों ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780769 Articles

Share this story