लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार व ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now


पौड़ी गढ़वाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)।लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत गुरुवार को कोट ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कोट ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गजपाल गुसाईं के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार व मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस लोकतंत्र और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच अपनी बात रख रही है। इसी क्रम में कोट ब्लॉक में भी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनता के विश्वास को लेकर उठ रहे सवालों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पुतले को आग के हवाले किया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े विषयों पर पार्टी आगे भी अभियान चलाकर जनता को जागरूक करने का काम करेगी।

ब्लॉक अध्यक्ष गजपाल गुसाईं ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ अभियान के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और ब्लॉक स्तर तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर पार्टी शांत नहीं बैठेगी और जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

प्रदर्शन में पूर्व जिला पंचायत सदस्य तामेश्वर आर्य, पूर्व प्रमुख एवं वरिष्ठ कांग्रेसी सुनील लिंगवाल, विमल लिंगवाल, धीरेन्द्र बिष्ट, देवेंद्र रावत, सुरेंद्र रावत, सुरेंद्र कुमार, अनिल, सूरत सिंह और नरेंद्र नेगी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story