पर्स स्नैचिंग में दो युवक गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बुलेट जब्त
हरिद्वार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। रूड़की के ढंडेरा सब्जी मंडी के पास महिला से झपट्टा मारकर पर्स लूटने की वारदात का रुड़की पुलिस ने दो दिन में खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पर्स से बचे दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को ढंडेरा सब्जी मंडी के पास अज्ञात युवक एक महिला का पर्स झपटकर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीम को आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ढंडेरा रेलवे स्टेशन के पीछे पुरानी खंडहर रेलवे बिल्डिंग के पास घेराबंदी की। यहां बिना नंबर प्लेट की बुलेट पर घूम रहे दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान आकाश कुमार उर्फ काशी (24) निवासी दाबकी कलां, लक्सर और विकुल (18) निवासी कंकरखाता, लक्सर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने महिला से पर्स झपटने की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पर्स में मौजूद रकम में से बचे 2 हजार रुपए बरामद हुए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बुलेट को भी कब्जे में ले लिया। चेसिस नंबर की जांच में वाहन का पंजीकरण किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर मिला है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

