पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां तेज, 3.36 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
हरिद्वार, 19 जून (हि.स.)। जनपद में 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 28 जून को जनपद के सभी बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। इस अभियान के तहत जनपद में लगभग 3 लाख 36 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को बूथों तक लेकर आएं।
इसके अलावा जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को मदरसों में तथा श्रम एवं खनन विभाग को श्रमिकों और खनन क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों के बच्चों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग मिलकर इसकी सफलता सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, सीएमएस रुड़की डॉ. ए.के. मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कोमल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

