मुख्यमंत्री घोषणा और राज्य योजनाओं से सुदृढ़ हुई ग्रामीण कनेक्टिविटी

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 12 अप्रैल (हि.स.)। जनपद पौड़ी गढ़वाल के दूरस्थ गांव, जो कभी दुर्गम रास्तों और लंबी यात्रा के लिए पहचाने जाते थे, अब बेहतर सड़क संपर्क से तेजी से मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।

राज्य सरकार की प्राथमिकता एवं मुख्यमंत्री की घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की प्रभावी निगरानी में लोक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न विकासखण्डों में मोटर मार्गों का निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य तेज गति और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। इन प्रयासों से न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन में सुरक्षा, सुविधा और समय की बचत जैसे महत्वपूर्ण बदलाव भी स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहे हैं।

विकासखण्ड रिखणीखाल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत द्वारी-भौन मोटर मार्ग के 5.00 किमी हिस्से में 344.02 लाख रुपये की लागत से सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य पूर्ण किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्य से ग्राम द्वारी एवं डुंगरियाल सहित कुल 532 ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला है, जिससे उनकी दैनिक आवाजाही अब पहले की तुलना में अधिक सुगम, सुरक्षित एवं समयबद्ध हो गयी है।

अधिशासी अभियंता लोनिवि लैंसडाउन विवेक कुमार ने बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत रिखणीखाल/बीरोंखाल क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण मोटर मार्गों का पुनर्निर्माण एवं डामरीकरण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया गया है। विकासखण्ड जयहरीखाल एवं द्वारीखाल क्षेत्र में भी सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करते हुए जौलीखाल-अमाल्डू मोटर मार्ग, कुल्हाड़-राजखिल-बुरांसी मोटर मार्ग आदि का पुनर्निर्माण एवं डामरीकरण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story