जनकल्याण शिविरों में 150 में से 136 आवेदनों का मौके पर निस्तारण
हरिद्वार, 20 जून (हि.स.)। जनपद हरिद्वार में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शनिवार को चौथे दिन भी विभिन्न नगर निकायों और विकासखंडों में जनकल्याण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली तथा प्राप्त अधिकांश शिकायतों और आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार आयोजित शिविरों में कुल 150 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 136 आवेदनों का तत्काल निस्तारण किया गया। वहीं 851 क्षेत्रवासियों ने शिविरों में पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और लाभ उठाया।
विधानसभा हरिद्वार क्षेत्र के नगर निगम हरिद्वार में आयोजित शिविर में 43 आवेदन प्राप्त हुए और सभी का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। विधानसभा खानपुर के नगर पंचायत लंढौरा में 21 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत समाधान किया गया।
नगर पंचायत भगवानपुर में 13 आवेदन प्राप्त हुए। नगर पंचायत पिरान कलियर में 5 आवेदन मिले, जिनमें से 2 का तत्काल निस्तारण किया गया। नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में 7 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 6 का मौके पर समाधान हुआ। वहीं विकासखंड कार्यालय भगवानपुर में आयोजित शिविर में 61 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 50 आवेदनों का निस्तारण तत्काल किया गया।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा सूचना एवं सहायता स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित अनेक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी मौके पर पूरी की गई।
जिला प्रशासन का कहना है कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविरों में खंड विकास अधिकारियों, नगर निगम एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

