जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने सुनीं समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने सुनीं समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश


देहरादून, 11 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून जिले के सहसपुर में आयोजित जनसेवा शिविर में लोगों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।

राज्य सरकार के अनुसार 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत चार जुलाई से प्रदेशभर में जनसेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका अब तक 65 हजार से अधिक लोग लाभ उठा चुके हैं।

शनिवार को आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच की दूरी कम करना तथा नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।

शिविर के दौरान सहसपुर निवासी बबली देवी ने मुख्यमंत्री से सिलाई मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारियों ने उसी दिन उनके घर सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी, जिससे उन्हें स्वरोजगार के लिए सहायता मिली।

मुख्यमंत्री ने शिविर में सड़क, बिजली, श्मशान भूमि, ओपन जिम और अन्य जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतें भी सुनीं तथा अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर इनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ प्रशासन को जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार के अनुसार चार जुलाई से संचालित इस अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न जनसेवा शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story