जनसुनवाई में 85 शिकायतें दर्ज, 43 का निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई में 85 शिकायतें दर्ज, 43 का निस्तारण


हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)।जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने की।

जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 85 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 43 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड, सफाई व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिनिधियों और नागरिकों ने अवैध कब्जे हटाने, सड़क एवं नाली निर्माण, जल निकासी, भूमि पैमाइश तथा प्रदूषण नियंत्रण जैसी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल भी की। जनपद में शुरू की गई हरित हरिद्वार मुहिम के अंतर्गत वन विभाग के सहयोग से रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह द्वारा आम, अमरूद, आंवला और जामुन के पौधों का फरियादियों को वितरण किया गया।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 524 तथा एल-2 स्तर पर 128 शिकायतें लंबित हैं। 36 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर फीडबैक लेने और समाधान प्रक्रिया को तेज करने को कहा गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story