जनसुनवाई में 100 शिकायतें दर्ज, 55 का मौके पर निस्तारणय

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई में 100 शिकायतें दर्ज, 55 का मौके पर निस्तारणय


हरिद्वार, 13 जुलाई (हि.स.) जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 100 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 55 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामलों पर सुनवाई हुई। कई फरियादियों ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे, विद्युत पोल और तारों की जर्जर स्थिति, जल निकासी की समस्या तथा सड़क निर्माण जैसी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर भी सख्ती

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा में पाया गया कि एल-1 स्तर पर 509 तथा एल-2 स्तर पर 157 शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने विशेष रूप से 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story