जनसुनवाई में 30 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई में  30 शिकायतों का मौके पर निस्तारण


हरिद्वार, 11 मई (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 66 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 30 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और सीवर जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्राम लालढांग निवासी सुमन देवी, ज्योति देवी और राजन देवी ने खसरा संख्या 237 स्थित भूमि पर अवैध कब्जा और खेत में नाले का पानी छोड़े जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं गंगदासपुर निवासी मांगेराम और राजवीर ने बाढ़ प्रभावित होने के बाद फेरूपुर कठिया में आवंटित भूमि पर कब्जे के प्रयासों की शिकायत करते हुए पैमाइश की मांग की।

अतमलपुर बोगला निवासी दिनेश कुमार ने अपनी भूमि को दोबारा आबादी दर्ज कराने संबंधी प्रार्थना पत्र दिया। मीरपुर निवासी मुकेश कुमार ने पड़ोसियों द्वारा घर के सामने गंदा पानी छोड़े जाने से बच्चों को हो रही परेशानी की शिकायत की। सुमन नगर निवासी कमल देवी ने अपने आवासीय प्लॉट की खतौनी नकल उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

भोगपुर निवासी चरण सिंह ने भूमि पैमाइश तथा वेदपाल पुत्र चरण सिंह ने गंगाजी की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग रखी। मोहन इंक्लेव कॉलोनी के लोगों ने सीवर लाइन कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं ग्राम थिथौला खेमपुर की प्रधान सना ने लंढौर नगर पंचायत से आने वाले गंदे पानी से किसानों की फसलें खराब होने की शिकायत दर्ज कराई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें विभागीय समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो शिकायतें बार-बार जनसुनवाई में आ रही हैं, उन पर संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करें। शिकायतकर्ता को दोबारा जनसुनवाई में आने की नौबत नहीं आनी चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर डीएम सख्त

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पाया कि 36 दिनों से अधिक समय से अनेक शिकायतें लंबित हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। समीक्षा में सामने आया कि एल-1 स्तर पर 583 वएल-2 स्तर पर 143 शिकायतें लंबित हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी शिकायतकर्ताओं से पोर्टल के माध्यम से वार्ता कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने दो टूक कहा कि शिकायत निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई क्षम्य नहीं होगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story