जनसुनवाई में मिली राहत, ठेकेदारी पंजीकरण का मौके पर ही हुआ निस्तारण
देहरादून, 15 जुलाई (हि.स.)। 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण' सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग में चार दिन से लंबित ठेकेदारी पंजीकरण का तत्काल निस्तारण कर लाभार्थी को शिविर स्थल पर ही पंजीकरण प्रमाण-पत्र सौंप दिया गया।
बुधवार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विकासखंड दशोली के ग्राम कौजपोथनी निवासी जयदीप सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष मोटर मार्ग एवं पुलिया निर्माण कार्यों के लिए ठेकेदारी पंजीकरण का आवेदन चार दिनों से लंबित होने की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को सभी आवश्यक औपचारिकताएं उसी दिन पूरी कर आवेदन का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विभागीय अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लंबित प्रक्रिया पूरी की और शिविर स्थल पर ही जयदीप सिंह को ठेकेदारी पंजीकरण प्रमाण-पत्र प्रदान किया।
त्वरित कार्रवाई पर लाभार्थी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए इस प्रकार के शिविर आम लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहे हैं।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

