जनसुनवाई में 49 शिकायतें दर्ज, 28 का निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई में 49 शिकायतें दर्ज, 28 का निस्तारण


हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 49 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड समेत विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। गेण्डीखाता निवासी वन गुर्जर बजीर अली ने डेरों के आसपास सोलर लाइट लगवाने की मांग की। वहीं, बाबूराम सैनी ने ग्राम गुम्मावाला स्थित सरकारी नलकूप संख्या 99-जी को स्थानांतरित कर दूसरे स्थान पर स्थापित कराने का अनुरोध किया।

तेजेंद्र सिंह ने ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में मारुति शोरूम के निकट पार्क और सर्विस रोड पर किए जा रहे अतिक्रमण को हटाने तथा असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग उठाई। ग्राम कुतुबपुर निवासी यशपाल सिंह, दाताराम, सचिन कुमार, रामकुमार और राव मुन्तवीर ने खेतों से आबादी का गंदा पानी, गोबर और कूड़ा गुजरने के कारण फसलें खराब होने की शिकायत की। उन्होंने समस्या का समाधान कराने की मांग की।

रोहालकी किशनपुर निवासी मनोज कुमार ने ग्राम पंचायत में सिंचाई एवं राजस्व विभाग के अभिलेखों में दर्ज रास्ते के खसरा नंबर 250, 249 और 294 से अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की। वहीं, इक्कड़ खुर्द निवासी मोहम्मद जाकिर ने अपने घर से अकील के घर तक करीब 100 फुट सड़क बनवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन की 870 शिकायतें लंबित

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 686 और एल-2 स्तर पर 184 शिकायतें लंबित पाई गईं। इस प्रकार कुल 870 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, एसडीएम नीतू डांगर, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जीएम डीआईसी उत्तम कुमार तिवारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार बिश्नोई, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, परियोजना निदेशक उरेडा वाईएस बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और फरियादी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781691 Articles

Share this story