जनसुनवाई में 88 शिकायतें, 45 का मौके पर समाधान

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई में 88 शिकायतें, 45 का मौके पर समाधान


हरिद्वार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 88 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 45 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठीं। शिव गंगा विहार सोसाइटी, दादूपुर गोविंदपुर क्षेत्र के निवासियों ने प्लास्टिक कबाड़ के अनियंत्रित भंडारण और प्लास्टिक जलाने से फैल रहे प्रदूषण की शिकायत की। उन्होंने संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का शीर्ष प्राथमिकता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता वाले मामलों में संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 267 और एल-2 स्तर पर 89 शिकायतें लंबित पाई गईं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जीएम डीआईसी उत्तम कुमार तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया और परियोजना निदेशक उरेडा वाईएस बिष्ट समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story