मेरठ वाली धर्मशाला की बिक्री के विरोध में मुनादी, विक्रेताओं को नोटिस
हरिद्वार, 06 नवंबर (हि.स.)। मेरठ वाली धर्मशाला (चंदों देवी ट्रस्ट) की बिक्री को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। धर्मशाला की कथित अवैध बिक्री के विरोध में राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति की ओर से दायर याचिका के क्रम में जिला जज न्यायालय हरिद्वार के आदेश पर संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। 6 नवंबर को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मौके पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई गई और नोटिस पढ़कर सुनाए गए।
राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति के अध्यक्ष महेश गौड़ ने बताया कि धर्मशाला की बिक्री को ट्रस्ट के हितों के विरुद्ध बताते हुए समिति की ओर से जिला जज न्यायालय में वाद दायर किया गया है। इसमें ट्रस्ट के संरक्षण और ट्रस्ट की संपत्ति की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि याचिका में सेक्शन 92 के तहत ट्रस्ट के हितों की रक्षा का मामला उठाया गया है। प्रकरण में न्यायालय ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए हैं।
महेश गौड़ के अनुसार, जिन लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें सम्राट सैनी, विशाल ननकानी, अरुणा शर्मा, चेतन अरोड़ा, नीरज कुमार, सतीश जैन और नवीन कुमार सहित अन्य लोग शामिल हैं। मौके पर मुनादी कराकर नोटिस की जानकारी सार्वजनिक रूप से दी गई। उन्होंने बताया कि मामले में अगली सुनवाई के लिए 17 नवंबर की तारीख निर्धारित की गई है। समिति का कहना है कि धर्मशाला की संपत्ति को ट्रस्ट के मूल उद्देश्यों के अनुरूप सुरक्षित रखने के लिए न्यायालय में कानूनी लड़ाई जारी रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

